अमरनाथ यात्रा के पहले तीन दिनों में 56 हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं। यह संख्या पिछले वर्ष की तुलना में करीब 18.6 प्रतिशत अधिक है। वर्ष 2025 में यात्रा के शुरुआती तीन दिनों में 47,972 श्रद्धालु पवित्र गुफा तक पहुंचे थे।
57 दिनों तक चलने वाली अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई से शुरू हुई है। श्रद्धालु 48 किलोमीटर लंबे नुनवान-पहलगाम मार्ग और 14 किलोमीटर लंबे, लेकिन अधिक कठिन बालटाल मार्ग से लगातार पवित्र गुफा की ओर बढ़ रहे हैं। यात्रा का समापन 28 अगस्त को रक्षाबंधन के अवसर पर होगा, जब पारंपरिक छड़ी मुबारक पवित्र गुफा पहुंचेगी।
इस बीच जम्मू के भगवती नगर बेस कैंप में रविवार तड़के एक दुखद घटना सामने आई। उत्तर प्रदेश निवासी अमित कुमार की सांप के काटने से मौत हो गई। अधिकारियों के अनुसार, तड़के करीब 2:30 बजे उन्हें सांप ने काट लिया था। उन्हें तुरंत सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
उधर, जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने बिना पंजीकरण अमरनाथ यात्रा पर पहुंच रहे श्रद्धालुओं से कुछ दिनों तक यात्रा स्थगित करने की अपील की है। प्रशासन के अनुसार, 9 जुलाई तक सभी रजिस्ट्रेशन स्लॉट पूरी तरह भर चुके हैं।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बिना पंजीकरण वाले यात्रियों को बालटाल और पहलगाम मार्ग के चेक पोस्ट से आगे नहीं जाने दिया जाएगा। केवल वैध पंजीकरण वाले श्रद्धालुओं को ही कश्मीर की ओर यात्रा की अनुमति मिलेगी। बिना रजिस्ट्रेशन वाले श्रद्धालु 9 जुलाई के बाद उपलब्ध स्लॉट के अनुसार ही यात्रा कर सकेंगे।


