पंजाब और चंडीगढ़ में सोमवार से अगले चार दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है। चंडीगढ़ स्थित मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बिजली गिरने की भी आशंका है।
पिछले 24 घंटों में राज्य के अधिकतम तापमान में 0.9 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हालांकि तापमान सामान्य स्तर पर बना हुआ है। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 40.3 डिग्री सेल्सियस बठिंडा में रिकॉर्ड किया गया।
सोमवार को पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर और रूपनगर में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं गुरदासपुर, कपूरथला, जालंधर, मोगा, बठिंडा, लुधियाना, बरनाला, मानसा, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब और मोहाली में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
इसके अलावा पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और मोहाली में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है।
बीते 24 घंटों में पंजाब के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 6 सेंटीमीटर बारिश पटियाला में हुई, जबकि जालंधर और लुधियाना में 5-5 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।
उधर, गर्मी बढ़ने के कारण रविवार को राज्य में बिजली की मांग 16 हजार मेगावाट तक पहुंच गई। शाम पांच बजे तक मांग 15,840 मेगावाट दर्ज की गई। इस दौरान राज्य ने लगभग 4,900 मेगावाट बिजली का उत्पादन किया, जबकि करीब 10,300 मेगावाट बिजली केंद्र सरकार से प्राप्त की गई। सरकारी थर्मल संयंत्रों से 1,657 मेगावाट और निजी थर्मल प्लांटों से 2,762 मेगावाट बिजली का उत्पादन हुआ। रोपड़ थर्मल प्लांट की चार इकाइयों में से एक इकाई बंद रही, जबकि जलविद्युत परियोजनाओं से 450 मेगावाट बिजली का उत्पादन किया गया।


