पंजाब के होशियारपुर में शुक्रवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। करीब 300 फीट गहरे बोरवेल में गिरे 4 वर्षीय बच्चे को लगभग 9 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। रेस्क्यू के बाद बच्चा अपनी मां से लिपटकर रो पड़ा।
बचाव अभियान में NDRF, SDRF, पंजाब पुलिस, जिला प्रशासन और स्थानीय लोगों ने मिलकर अहम भूमिका निभाई। बच्चा बोरवेल में करीब 30 फीट नीचे फंसा हुआ था। देर रात करीब 12:40 बजे उसे बाहर निकाला गया, जिसके बाद तुरंत मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेज दिया गया। डॉक्टरों ने बच्चे की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई है।
डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन और SSP संदीप कुमार मलिक ने पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन की लगातार निगरानी की। प्रशासन के मुताबिक बच्चे को सुरक्षित निकालने के तुरंत बाद मेडिकल टीम की निगरानी में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
बच्चे की मां आशा ने बताया कि शाम करीब 4 बजे वह घर में चाय बना रही थीं। इसी दौरान उनके दोनों बच्चे खेलते-खेलते घर के बाहर चले गए। कुछ ही देर बाद बड़ा बेटा घबराई हालत में दौड़ता हुआ आया और बताया कि उसका छोटा भाई गुरकरण बोरवेल में गिर गया है।
परिजनों के अनुसार, गिरते समय गुरकरण लगातार आवाज लगा रहा था कि “मुझे बचा लो।” परिवार ने उसे पकड़ने की कोशिश भी की, लेकिन वह हाथ से फिसलकर नीचे चला गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जिसके बाद प्रशासन ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।


