International: अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच सीमा पर तनाव एक बार फिर हिंसक झड़प में बदल गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंधार प्रांत के स्पिन बोल्डक (Spin Boldak) इलाके में हुई इस भिड़ंत में 6 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए, जबकि एक सैनिक को अफगान बलों ने पकड़ लिया है। बताया जा रहा है कि यह झड़प रविवार रात उस समय शुरू हुई, जब पाकिस्तानी सेना की फायरिंग में एक अफगान बच्चे की मौत हो गई। इस घटना के बाद अफगान सुरक्षा बलों ने तुरंत जवाबी कार्रवाई की, जिससे दोनों तरफ से भारी गोलीबारी शुरू हो गई।
अफगान मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, तालिबान बलों ने न केवल पाकिस्तानी सैनिकों को नुकसान पहुंचाया, बल्कि उनके पास से हल्के और भारी हथियार भी जब्त किए हैं। यह इलाका दोनों देशों के बीच एक महत्वपूर्ण सीमा पार मार्ग है, इसलिए यहां होने वाली किसी भी घटना का असर बड़े स्तर पर पड़ता है। दूसरी तरफ, पाकिस्तान के मीडिया ने दावा किया है कि अफगान तालिबान ने दक्षिण वजीरिस्तान इलाके में गोलीबारी की, जिसमें तीन नागरिक घायल हुए, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। पाकिस्तानी सेना का कहना है कि यह हमला घुसपैठ की कोशिश को नाकाम करने के दौरान हुआ। विशेषज्ञों का मानना है कि दोनों देशों के बीच यह संघर्ष पिछले कुछ महीनों से लगातार बढ़ रहा है। फरवरी 2025 से ही सीमा पर झड़पें जारी हैं और अब हालात “ओपन वॉर” जैसे हो गए हैं।


