अवीव/तेहरान–इजराइल-ईरान जंग के बीच UAE ने 35 लोगों को गिरफ्तार करने का आदेश दिया है। इनमें 19 भारतीय शामिल हैं। न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक इन पर सोशल मीडिया पर फेक न्यूज फैलाने का आरोप है।
UAE के अटॉर्नी जनरल डॉ. हमद सैफ अल शम्स ने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म की निगरानी के बाद यह कार्रवाई की गई, ताकि झूठी खबरों से फैलने वाली अफवाह और अशांति को रोका जा सके।
वहीं इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अपनी मौत की अफवाहों के बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है। इसमें वे यरुशलम के एक रेस्टोरेंट में कॉफी पीते नजर आ रहे हैं।
वीडियो में वे मजाक में कहते हैं, “क्या आप मेरी उंगलियां गिनना चाहते हैं?” दरअसल 13 मार्च के एक वीडियो में कुछ लोगों ने उनके हाथ में 6 उंगलियां दिखने की बात कही थी। इसके बाद कई यूजर्स ने उस वीडियो को AI और डीपफेक बताकर उनकी मौत की अफवाह फैलानी शुरू कर दी थी।


