International : पश्चिम एशिया में चल रहा युद्ध अब और ज्यादा खतरनाक होता दिख रहा है। ताजा घटनाक्रम में इराक की राजधानी बगदाद में अमेरिकी दूतावास परिसर के अंदर बने हेलिपैड पर मिसाइल गिरने की खबर सामने आई है। दो इराकी सुरक्षा अधिकारियों के हवाले से AP और Reuters ने यह जानकारी दी है। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, हमले के बाद दूतावास परिसर के ऊपर धुआं उठता देखा गया। हमले में US Embassy की छत पर मौजूद रडार स्टेशन तबाह हो गया जिसकी वीडियो भी सामने आया है। अभी तक नुकसान और हताहतों की पूरी तस्वीर साफ नहीं हुई है। यह हमला ऐसे समय हुआ है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिकी सेना ने ईरान के खार्ग आइलैंड पर बड़े पैमाने पर बमबारी की।
AP के मुताबिक खार्ग आइलैंड ईरान के तेल निर्यात के लिए बेहद अहम केंद्र है। ट्रंप ने दावा किया कि वहां के सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया, लेकिन तेल ढांचे को फिलहाल नहीं छुआ गया। साथ ही उन्होंने चेतावनी भी दी कि अगर स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज में जहाजों की आवाजाही बाधित हुई, तो तेल ढांचे पर भी हमला हो सकता है। इस पूरे संघर्ष का मतलब यह है कि अब लड़ाई सिर्फ ईरान और इजरायल के बीच सीमित नहीं रही। अमेरिकी हित, अमेरिकी दूतावास, खाड़ी के समुद्री मार्ग और इराक जैसे तीसरे देश भी सीधे असर में आ रहे हैं। बगदाद दूतावास पर मिसाइल गिरना इस बात का संकेत है कि ईरान-समर्थित समूह या क्षेत्रीय नेटवर्क अमेरिकी मौजूदगी को जवाबी निशाना बना सकते हैं। हालांकि इस हमले की जिम्मेदारी किसने ली, यह अभी साफ नहीं है।


