अमृतसर–अमृतसर के हल्का बाबा बकाला साहिब के अंतर्गत आने वाले गांव सठियाला में उस समय हड़कंप मच गया जब सुबह श्री गुरु तेग बहादुर जी के धाम पर, श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी का मामला सामने आया। गांव के लोग जब यह खबर सुने तो सभी में भारी आक्रोश और चिंता का माहौल फैल गया।
सूचना के अनुसार, गुरु ग्रंथ साहिब जी के पवित्र पन्ने (अंग) गलियों में बिखरे हुए मिले। गुरुद्वारा साहिब में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में यह देखा गया कि कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने तारें काटकर गुरुद्वारा परिसर में तोड़फोड़ की थी। इस घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई और लोग तुरंत मौके पर एकत्रित होने लगे।
गांववासियों ने तुरंत पुलिस को घटना की जानकारी दी। लगभग आज 7.30 बजे पुलिस टीम घटना स्थल पर पहुंची। बाबा बकाला के डीएसपी अरुण शर्मा अपने दल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और गुरुद्वारा साहिब तथा आसपास के इलाके का जायजा लिया। पुलिस ने गुरुद्वारा साहिब के सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों को सुरक्षित किया ताकि दोषियों को चिन्हित किया जा सके।


