शिमला–शिमला में राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। रविवार को जेबीटी शिक्षकों ने चौड़ा मैदान में आग्रह रैली निकाली, जिसमें शिमला जिले के सभी 21 शिक्षा खंडों के शिक्षकों ने भाग लिया। प्रदर्शनकारी बीते वर्ष शिक्षा विभाग द्वारा जारी नई परिसर प्रणाली (क्लस्टर सिस्टम) संबंधी अधिसूचना को वापस लेने की मांग कर रहे हैं।
संघ पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि 23 सितंबर 2025 की अधिसूचना के तहत प्राथमिक शिक्षा का पूर्ण प्रशासनिक नियंत्रण और संचालन प्रिंसिपल को सौंप दिया गया है। उनका कहना है कि यह प्राथमिक शिक्षकों के हितों के खिलाफ है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 1984 से प्राथमिक शिक्षा का एक अलग ढांचा और क्लस्टर प्रणाली के तहत प्रशासनिक व्यवस्था संचालित होती रही है। नई व्यवस्था से कार्य केंद्रीकृत हो जाएगा, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।


