गुरदासपुर : पंजाब में बढ़ती बेरोजगारी, नशाखोरी और गैंगवार से परेशान होकर बड़ी संख्या में युवा रोजगार की तलाश में विदेशों का रुख कर रहे हैं, लेकिन परदेस में भी ज़िंदगी सुरक्षित नहीं है। ऐसा ही एक दर्दनाक मामला अमेरिका से सामने आया है, जहां पंजाब के जिला गुरदासपुर के एक युवक की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, गुरदासपुर जिले के गांव गोत पोखर निवासी गुरप्रीत सिंह उर्फ जेपी (उम्र 33–34) करीब 8 साल पहले बेहतर भविष्य की उम्मीद लेकर अमेरिका गया था। वहां उसने कड़ी मेहनत से अपना कारोबार स्थापित किया और साथ-साथ अपनी निजी कार से टैक्सी सेवा भी चला रहा था। परिवार के सदस्यों ने बताया कि 7 फरवरी को गुरप्रीत सिंह सवारियों को उनकी मंज़िल तक छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान गाड़ी चलाते समय उसे अचानक दौरा पड़ गया, जिससे उसकी कार सड़क के डिवाइडर से टकरा गई।
हादसा इतना भीषण था कि गुरप्रीत को गंभीर चोटें आईं और उसकी रीढ़ की हड्डी भी क्षतिग्रस्त हो गई। उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी हालत में सुधार हो रहा था और कुछ दिनों में घर लौटने की उम्मीद जताई जा रही थी। लेकिन दुर्भाग्यवश इलाज के दौरान ही उसे एक बार फिर हार्ट अटैक आया, जिससे उसकी मौत हो गई।


