जालंधर—जालंधर में एक पिता ने अपने 6 साल के बेटे का मर्डर कर दिया। पिता ने दूर की रिश्तेदारी में दामाद को फंसाने के लिए अपने बेटे को कीटनाशक पिला दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने बताया कि दामाद ने उसके खिलाफ चोरी की शिकायत दी थी।
शिकायत के चलते वह दामाद से गुस्सा था। उसे फंसाने के लिए बेटे को कीटनाशक पिलाकर बेहोश करना था, लेकिन उसकी मौत हो गई। आरोपी की पहचान गजेंद्र मुखिया (35) के रूप में हुई है। थाना पतारा में उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस बोली-बेटे को बेहोश करने के इरादे से दिया जहर
थाना पतारा पुलिस ने बताया कि गजेंद्र ने यह सोचकर बेटे को कीटनाशक दिया था कि वह केवल बेहोश होगा। उसका मकसद रिश्तेदारी में दामाद लगने वाले एक युवक को इस मामले में फंसाना था। कुछ समय पहले उस युवक ने गजेंद्र पर पाजेब चोरी का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, जिससे गजेंद्र नाराज था और बदला लेना चाहता था।


