अमृतसर—पंजाब में नशे के खिलाफ जारी मुहिम के तहत काउंटर इंटेलिजेंस अमृतसर ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। खुफिया सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में सीमा पार से संचालित ड्रग स्मगलिंग नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उनके कब्जे से 5 किलो हेरोइन बरामद की गई है।
इस बारे में जानकारी देते हुए डीजीपी पंजाब गौरव यादव ने बताया कि यह कार्रवाई पूरी तरह इंटेलिजेंस इनपुट पर आधारित थी। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी अमृतसर जिले के गांव दाओके, थाना घरिंडा क्षेत्र के रहने वाले हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इन आरोपियों के संबंध पाकिस्तान स्थित ड्रग तस्करों से जुड़े हुए थे, जो सीमा पार से नशे की सप्लाई करवा रहे थे।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ थाना एसएसओसी अमृतसर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल जांच एजेंसियां नेटवर्क की आगे और पीछे की कड़ियों को खंगालने में जुटी हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह हेरोइन कहां से आई थी और किन-किन लोगों तक इसकी सप्लाई की जानी थी।


