विदेशों में बैठे गैंगस्टर व्यापारियों से रंगदारी मांगने के लिए जेल नेटवर्क का इस्तेमाल कर रहे हैं। लुधियाना में हुए रोहित गोदारा गैंग के गुर्गों के एनकाउंटर के बाद खुलासा हुआ कि विदेश में बैठे गैंगस्टर रोहित गोदारा ने फिरोजपुर जेल में बंद अपने गुर्गे शुभम ग्रोवर के जरिए शूटर हायर किए।
अब तक की पुलिस पूछताछ में यह बात सामने आई है कि फिरोजपुर जेल में बंद शुभम ग्रोवर सीधे तौर पर रोहित गोदारा गैंग से जुड़ा है। उसके जरिए ही वह अलग-अलग शहरों में व्यापारियों से रंगदारी मांगता है। लुधियाना के सिविल सिटी में कपड़ा व्यापारी हिमांशु से भी शुभम ग्रोवर के जरिए ही 50 लाख रुपए की रंगदारी मांगी गई थी।
कपड़ा व्यापारी के रंगदारी न देने पर उसकी दुकान पर फायरिंग करने वाले तीनों शूटर अब पुलिस गिरफ्त में हैं। दो शूटर पुलिस मुठभेड़ में गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि एक को पुलिस ने एनकाउंटर के दौरान दबोच लिया। पुलिस ने सुमित उर्फ अलट्रोन उर्फ टुंडा, संजू और सुमित को गिरफ्तार किया है। संजू व सुमित एनकाउंटर में गोली लगने से घायल हुए हैं।


