चमोली—चमोली जिले के पीपलकोटी स्थित THDC जल विद्युत परियोजना क्षेत्र में बनी सुरंग के अंदर मंगलवार रात करीब 9 बजे दो लोको ट्रेनें आपस में टकरा गईं, जिसमें 100 से ज्यादा मजदूर घायल हो गए हैं। जिनमें से 5 की हालत गंभीर बनी हुई है।
दुर्घटना के समय ट्राली में करीब 110 इंजीनियर, कर्मचारी और मजदूर सवार थे, जो अपनी शिफ्ट पूरी कर वापस लौट रहे थे। हादसे में घायल हुए लोगों में से 70 को जिला अस्पताल गोपेश्वर और 17 को विवेकानंद अस्पताल पीपलकोटी में भर्ती कराया गया है। 66 घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।
चार श्रमिकों को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। पीपलकोटी के विवेकानंद चिकित्सालय में 18 श्रमिकों का प्राथमिक उपचार कर उन्हें घर भेज दिया गया। 21 श्रमिकों को कोई चोट नहीं आई थी और वे घटना स्थल से ही घर चले गए थे।
घायलों में अधिकतर मजदूर बिहार, ओडिशा और झारखंड के रहने वाले हैं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, जिसके बाद अन्य कर्मचारियों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया।


