मोहाली-जालंधर से बॉर्डर क्रॉस कर पाकिस्तान पहुंचे पंजाबी युवक शरणदीप सिंह की जल्द वतन वापसी होगी। उसे पाकिस्तान से भारत भेजने के लिए वहां की कोर्ट में केस दायर किया जाएगा। जिसमें पाकिस्तानी वकील उसकी पैरवी करेगा।
इसका खुलासा पाकिस्तानी यूट्यूबर नासिर ढिल्लो ने किया। ढिल्लो ने एक वीडियो जारी कर कहा कि शरणदीप के गांव के ही अमेरिका में रहते युवक ने उससे संपर्क किया है। जिसके बाद शरणदीप को कानूनी मदद देने की तैयारी की जा रही है।
शरणदीप जालंधर में शाहकोट का रहने वाला है। वह तरनतारन में खेमकरण सेक्टर से बॉर्डर क्रॉस कर पाकिस्तान सीमा में घुस गया था। जहां पाक रेंजर्स ने उसे हिरासत में ले लिया। इसके बाद कार्रवाई के लिए उसे पाकिस्तान पुलिस को सौंप दिया।
रेंजर्स की जांच में कुछ संदिग्ध नहीं मिला: नासिर ने बताया कि शरणदीप के मामले में भी रेंजर्स ने पूरी जांच कर ली है। जांच में सामने आया है कि वह गलती से सीमा पार कर गया था। इसके बाद उसे स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया गया और कसूर थाने में एफआईआर दर्ज हुई। शरणदीप के गांव वालों ने अमेरिका में मौजूद हमारे दोस्त से संपर्क किया। इसके बाद लॉ फर्म चलाने वाले बहराम बाजवा को उसका वकील नियुक्त किया गया है। अब उसका केस मजबूती से पेश किया जाएगा और जल्द भारत भेजने की कोशिश की जाएगी।


