अबोहर–पंजाब के फाजिल्का जिले व्यक्ति ने अपनी पत्नी और दो बच्चों को नहर में फेंक दिया। इसके बाद व्यक्ति खुद भी नहर में कूद गया। राहगीरों ने व्यक्ति, उसकी पत्नी और 2 साल के बच्चे को बचा लिया। लेकिन तीन महीने का बच्चा नहर में बह गया, जिसकी तलाश जारी है। महिला ने अपने पति पर जान से मारने की कोशिश का आरोप लगाया है।
महिला के पति ने कहा कि वह नहर किनारे अपनी पत्नी व बच्चों को नजर से बचाने के लिए टोटका (नजर उतारना) कर रहा था। इस दौरान वह अचानक नहर में गिर गए, जिन्हें बचाने के लिए वह नहर में कूदा। मामला अबोहर के कंधवाला रोड पर सामने आया।
अब जानिए महिला ने पुलिस को क्या बताया….
किसी से पैसे लेने की बात कहकर घर से लाया: रुकनपुरा खुईखेड़ा गांव की रहने वाले वीना रानी ने बताया कि उसका पति बलविंदर सिंह मजदूरी करता है। बलविंदर उसे यह कहकर बाइक पर शहर लाया था कि उन्हें किसी से पैसे लेने हैं। इस पर वह 2 साल के बेटे गुरदीप और 3 महीने के बेटे खुशदीप के साथ बाइक पर बैठ गई।
पहले पत्नी-बच्चों को धक्का दिया, फिर खुद कूदा: वीना के अनुसार, शहर आते समय उसके पति ने नहर किनारे बाइक रोकी और उसे व बच्चों को नहर में धक्का दे दिया। इसके बाद बलविंदर ने खुद भी नहर में छलांग लगा दी।
तीन महीने का बच्चा लापता: इसी दौरान शहर से गांव जा रहे कीकरखेड़ा व कंधवाला अमरकोट निवासी संजय कुमार ने परिवार को डूबते देखा। उन्होंने तुरंत नहर में छलांग लगाकर बलविंदर, उसकी पत्नी वीना और दो साल के बच्चे गुरदीप को बाहर निकाला। हालांकि, तीन महीने का बच्चा खुशदीप नहर में बह गया। जिसकी तलाश की जा रही है।


