भाखड़ा ब्यास मैनेजमेंट बोर्ड (BBMB) ने केंद्रीय राज्य रेल रवनीत बिट्टू को 17.62 लाख रुपए का रिकवरी नोटिस जारी किया है। आरोप है कि नंगल टाउनशिप कॉलोनी में बीबीएमबी के दो मकान 45-I और 48-I अब भी बिट्टू के नाम पर दर्ज हैं और इन्हें बिना वैध अनुमति के कब्जे में रखा गया है।
बिट्टू को ये मकान उनके कांग्रेस सांसद (आनंदपुर साहिब, 2009-14) कार्यकाल में अलॉट हुए थे। खास बात यह है कि इनमें से एक मकान (48-I) आज भी कांग्रेस कार्यालय के रूप में इस्तेमाल हो रहा है।
बार-बार नोटिस, पर कोई जवाब नहीं
बीबीएमबी सूत्रों के अनुसार, बिट्टू को इन मकानों को खाली करने के लिए कई बार नोटिस भेजे गए, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। अवैध कब्जे के चलते बोर्ड ने इन पर पेनल रेंट लगाना शुरू कर दिया था। किराया न चुकाए जाने पर अब 17.62 लाख रुपए की रिकवरी नोटिस भेजी गई है।
सूत्रों का कहना है कि मंत्री द्वारा अभी तक इस नोटिस का भी कोई जवाब नहीं दिया गया। फोन कॉल और वॉट्सऐप मैसेज पर भी उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।


