दिल्ली ब्लास्ट के आतंकी मॉड्यूल में शामिल लेडी डॉक्टर शाहीन सईद को लेकर लगातार खुलासे हो रहे हैं। ब्लास्ट के बाद शाहीन को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद अल-फलाह यूनिवर्सिटी में खड़ी उसकी ब्रेजा कार से जांच के दौरान एक “क्रिनकोव” असाल्ट राइफल और एक विदेशी पिस्टल बरामद हुई।
ये वही कार है, जो 25 सिंतबर 2025 को ही खरीदी गई थी। एजेंसी से कार की डिलीवरी के समय डॉ. शाहीन के साथ डॉ. मुजम्मिल शकील भी था। सोशल मीडिया अकाउंट पर इसकी तस्वीर डाली गई थी। 13 नवंबर को बरामद इस कार की जानकारी अब सामने आई है।
सूत्रों के मुताबिक, डॉ. शाहीन की कारों को अक्सर डॉ. मुजम्मिल इस्तेमाल करता था। जिन गाड़ियों में विस्फोटक सामग्री की ढुलाई की गई थी, वह भी डॉ. शाहीन और डॉ. उमर नबी के नाम थी। इसके अलावा जांच एजेंसी ने यूनिवर्सिटी में जब डॉ. शाहीन के कमरे की तलाशी ली तो वहां बनाए गए सीक्रेट लॉकर से 18.50 लाख कैश, सोने के 2 बिस्कुट, खाड़ी देशों की करेंसी बरामद हुई थी।
डॉ. शाहीन सईद अभी नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) की गिरफ्त में है। सोमवार को ही टीम ने उसके लखनऊ स्थित घर को खंगाला। उधर, पुलिस सूत्रों ने बताया कि जांच एजेंसी अभी तक यूनिवर्सिटी के 30 डॉक्टरों के बयान दर्ज कर चुकी है। इन डॉक्टरों में अधिकतर जम्मू-कश्मीर से संबंध रखते हैं। जांच एजेंसी इन डॉक्टरों का बैकग्राउंड भी खंगाल रही है।


