नई दिल्ली/कोलकाता/लखनऊ–देश के 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 28 अक्टूबर से स्पेशल इंटेंसिव रिविजन (SIR) की प्रक्रिया जारी है। इसके लिए बूथ लेवल अधिकारी (BLO) नियुक्त किए गए हैं। हालांकि कई राज्यों में BLO के सुसाइड और मौत की खबरें भी आ रहीं हैं।
उत्तर प्रदेश के संभल में सोमवार को सहायक बीएलओ की सोते-सोते मौत हो गई। इससे पहले 30 नवंबर को मुरादाबाद में SIR काम में लगे टीचर ने सुसाइड कर लिया था। राज्य में अब तक 8 कर्मचारियों की जान जा चुकी है। 3 ने सुसाइड, 3 की हार्ट अटैक से और एक की ब्रेन हेमरेज से मौत हुई थी।
सात राज्यों में अब तक 29 BLO की मौत हो चुकी है। सबसे ज्यादा मध्य प्रदेश में 9 BLO की जान गई है। वहीं SIR के विरोध में सोमवार को कोलकाता में पश्चिम बंगाल के मुख्य चुनाव अधिकारी (CEO) के ऑफिस के बाहर BLO अधिकार रक्षा कमेटी के सदस्यों ने प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने पुलिस बैरिकेड तोड़ने की कोशिश की। ठीक उसी समय BJP नेता सुवेंदु अधिकारी और पार्टी के कई MLA चुनाव अधिकारियों के साथ तय मीटिंग के लिए वहां पहुंचे थे। वहां मौजूद बीजेपी कार्यकर्ताओं से भी प्रदर्शनकारियों की बहस हुई।


