जम्मू के नरवाल इलाके में गुरुवार को पत्रकार अर्फाज अहमद डैंग का घर जमींदोज किए जाने के बाद मामला गरमा गया है। वरिष्ठ वकीलों और पत्रकारों ने इस कार्रवाई की निंदा की है।
इस मामले में वरिष्ठ अधिवक्ता शेख शकील अहमद ने सवाल उठाया कि क्या जम्मू विकास प्राधिकरण ने घर तोड़ने से पहले कानूनी प्रक्रिया का पालन किया?
उन्होंने आरोप लगाया कि जनिपुर में उपराज्यपाल कविंदर गुप्ता का घर भी अवैध जमीन पर बना है, फिर उस पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई। उन्होंने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से इस संबंध में कार्रवाई की मांग की।
इस बीच, जम्मू के रहने वाले कुलदीप कुमार शर्मा ने भाईचारा दिखाते हुए पत्रकार अर्फाज डैंग को पांच मरला (1360 वर्ग फीट) जमीन देने की घोषणा की है।
कुलदीप बोले- भाई को सड़क पर नहीं रहने देंगे
कुलदीप शर्मा ने शुक्रवार को मीडिया के सामने डैंग को गले लगाकर कहा कि वह अपने ‘भाई’ को सड़क पर नहीं रहने देंगे। उन्होंने कहा कि डैंग के छोटे बच्चों की हालत देखकर उनका दिल रो पड़ा। उन्होंने अपनी बेटी से जमीन के कागजात मंगवाए और मीडिया के सामने डैंग को सौंप दिए।
शर्मा ने कहा कि वह जमीन के सभी कानूनी दस्तावेज पूरे कराएंगे। साथ ही कहा कि मैं इनका घर बनवाऊंगा, चाहे इसके लिए भिक्षा मांगनी पड़े। शर्मा की इस पहल की जमकर सराहना हो रही है।


