गोरखपुर में बदमाशों ने घर में घुसकर धारदार हथियार से मां-बेटी की हत्या कर दी। सोमवार की देर शाम करीब साढ़े 9 बजे दोनों के शव घर में अलग-अलग कमरों में मिले। दोनों के शरीर पर चोट के निशान थे।
सूचना मिलते ही शाहपुर थाना पुलिस, डीआईजी और एसएसपी घटना स्थल पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घर का मुआयना किया। डॉग स्क्वायड ने सबूत खंगाले।
शुरुआती जांच के मुताबिक, प्रॉपर्टी विवाद को लेकर विवाद था। सरेशाम हुए इस डबल मर्डर से लोगों में दहशत है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
घटना थाना शाहपुर के गीता वाटिका कॉलोनी के पास घोसी पुरवा की है। यहां विमला (60) अपनी मां शांति देवी (90) के साथ रहती थी। मकान में 2 से 3 किरायेदार भी रहते हैं। विमला रामा फर्नीचर की दुकान पर पिछले 8 साल से काम करती थीं।
शांति देवी के पति की 30 साल पहले मौत हो चुकी थी। मूल रूप से पीपीगंज की रहने वाली शांति देवी रेलवे कारखाने के सामने चाय की दुकान चलाती थीं। शांति देवी की बड़ी बेटी सुशीला शादी के बाद लखनऊ में रहती हैं, जबकि विमला ने शादी नहीं की थी।


