बस्ती—बस्ती में शादी के 7वें दिन दुल्हन ने अपने प्रेमी से पति की हत्या करवा दी। प्रेमी उसे घर के बाहर से रास्ता पूछने के बहाने ले गया और माथे पर कट्टा सटाकर गोली मार दी। पुलिस ने कुछ ही घंटों में मामले का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। दुल्हन को भी हिरासत में लिया गया है। दोनों का 2 साल से अफेयर चल रहा था।
दरअसल, गुरुवार शाम युवक अपने घर के बाहर टहल रहा था। इसी दौरान प्रेमी पता पूछने के बहाने उसके पास आया। अपनी बातों में उलझाकर कुछ दूर तक ले गया। फिर गोली मार दी। परिवार वाले युवक को श्रीराम चिकित्सालय अयोध्या ले गए, जहां से मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। लेकिन, डॉक्टर उसे बचा नहीं पाए।
पुलिस तक मामला पहुंचा। वारदात के वक्त आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ के बाद आरोपी की तलाश शुरू हुई। देर रात आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने सख्ती की तो उसने अपना जुर्म कबूल लिया और हत्या की पूरी कहानी बताई। मामला बस्ती के बेदीपुर गांव का है।
मायके जाकर हत्या की साजिश रची
रुकसाना ने रिंकू संग मिलकर अनीश की हत्या की साजिश रची। उसने अनीश की लोकेशन की जानकारी रिंकू को दे दी। रिंकू ने उसे रास्ता पूछने के बहाने रोक लिया। बात करते हुए कुछ दूर तक ले गया। वहीं, उसने देसी कट्टा सटाकर अनीश के माथे पर गोली मार दी।


