कपूरथला—पंजाब को सुरक्षित बनाने के अभियान के तहत कपूरथला पुलिस ने जग्गा फुकीवाल फिरौती गिरोह के 3 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 9 देसी पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बुधवार को यह जानकारी दी।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सुल्तानपुर लोधी निवासी अमनदीप उर्फ अमन, नकोदर (जालंधर) निवासी हरजीत सिंह उर्फ जीता और जमशेर (जालंधर) के मोहल्ला बगीची निवासी लवप्रीत उर्फ बाबा के रूप में हुई है।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि अमनदीप सुल्तानपुर लोधी क्षेत्र में जग्गा फुकीवाल फिरौती गिरोह का सक्रिय सदस्य है। वह स्थानीय गिरोहों को गोलीबारी और जबरन वसूली की घटनाओं को अंजाम देने के लिए हथियार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता था। डीजीपी ने आगे कहा कि इस मामले में आरोपियों के नेटवर्क और उनके संबंधों का पता लगाने के लिए जांच जारी है, ताकि पूरे अवैध हथियार नेटवर्क को निष्क्रिय किया जा सके।


