उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। राजस्थान में रविवार को दिन और रात के तापमान में 1 से 2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। रविवार को प्रदेश के 16 शहरों में पारा 10 डिग्री से कम रिकॉर्ड किया गया। ज्यादातर शहरों में रात का तापमान सामान्य से 6 डिग्री तक रहा। सीकर 4.3 डिग्री पारे के साथ सबसे ठंडा रहा।
मध्य प्रदेश के भोपाल और इंदौर दोनों जगह न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री दर्ज हुआ। 84 साल में नवंबर का यह सबसे कम तापमान है। भोपाल में 24 घंटे में पारा 1.6 डिग्री और गिरा। यह सामान्य से 9.2 डिग्री नीचे रहा, जबकि इंदौर में सामान्य से 8.8 डिग्री कम दर्ज हुआ।
इधर, दिल्ली में रविवार को ठंड ने नवंबर में 3 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 4.5 डिग्री कम है। हालांकि अभी कोल्ड वेव घोषित नहीं की गई, लेकिन मौसम विभाग ने कहा है कि अगर सोमवार को भी दो या ज्यादा मौसम केंद्र लगातार दूसरे दिन मानक पूरे करते हैं तो कोल्ड वेव की घोषणा कर दी जाएगी।
वहीं दिल्ली में सोमवार को लगातार चौथे दिन बहुत खराब बहुत खराब’ श्रेणी का प्रदूषण दर्ज किया गया। सुबह 7 बजे एयर क्वॉलिटी इंडेक्स (AQI) 359 रहा। यह स्थिति तब है जब दिल्ली-NCR में प्रदूषण रोकने के लिए GRAP-III पहले से लागू है।


