दिल्ली लाल किला ब्लास्ट को लेकर गुरुवार को जांच एजेंसियों ने नया खुलासा किया है कि 2 नहीं बल्कि 4 गाड़ियों में ब्लास्ट की साजिश थी। संदिग्ध हमलावर दो और पुरानी गाड़ियां तैयार करने की प्लानिंग कर रहे थे। इनमें विस्फोटक रखे जाते और टारगेट को बड़ा किया जाता।
यह पूरा खुलासा डॉ. उमर और डॉ. मुजम्मिल की 3 डायरियों से हुआ है। इनमें 8 से 12 नवंबर की तारीखें दर्ज हैं। डायरी में लगभग 25 लोगों के नाम भी थे, जिनमें से ज्यादातर जम्मू-कश्मीर और फरीदाबाद के रहने वाले हैं।
ये डायरियां अल फलाह यूनिवर्सिटी में डॉ. उमर के कमरा नंबर 4 और मुजम्मिल के कमरा नंबर 13 से बरामद की गईं। पुलिस ने मुजम्मिल के उस कमरे से भी डायरी बरामद की है, जहां वह किराए से रहता था।
इधर, डॉ. उमर उन नबी का DNA उसकी मां के DNA से मैच हो गया। जांच टीमों को कार से उमर के दांत, हड्डियां, खून लगे कपड़े के टुकड़े और पैर का हिस्सा मिला था, जो स्टीयरिंग व्हील और एक्सीलेटर के बीच फंसा था।
इससे साफ हो गया है कि ब्लास्ट के वक्त कार में डॉ. उमर ही मौजूद था। 10 नवंबर को लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए ब्लास्ट में 13 लोग मारे गए हैं। एक घायल व्यक्ति की मौत गुरुवार सुबह हो गई।


