पंजाब पुलिस के DIG हरचरण सिंह भुल्लर के रिश्वत केस में CBI के बाद अब ED की एंट्री होने वाली है। ED मंगलवार को चंडीगढ़ में CBI ऑफिस पहुंच रही है। जहां वह DIG भुल्लर समेत उन IAS और IPS अफसरों का रिकॉर्ड लेगी, जिन्होंने बेनामी प्रॉपर्टी बना रखी है।
CBI की DIG भुल्लर और उनके साथ पकड़े गए बिचौलिया कृष्नु शारदा की जांच में अब तक पंजाब के 50 अफसरों के बारे में जानकारी मिल चुकी है। जिनके नाम की CBI ने लिस्ट भी तैयार कर रखी है।
ED की एंट्री से अब पंजाब के अफसरों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं क्योंकि रिकॉर्ड लेते ही ED की टीम नोटिस भेजकर इन अफसरों को बेनामी प्रॉपर्टी के मामले में पूछताछ के लिए बुलाएगी।
DIG से पूछताछ में 14 अफसरों के नाम मिले: CBI ने DIG भुल्लर को गिरफ्तार करने के बाद पहली बार 5 दिन का रिमांड लिया। CBI सोर्सेज के मुताबिक DIG भुल्लर ने बताया कि पंजाब के अफसर पटियाला के प्रॉपर्टी डीलर भूपिंदर सिंह के जरिए प्रॉपर्टी में इन्वेस्टमेंट करते हैं। इस पूछताछ में CBI को ऐसे 14 अफसरों का पता चला। जिसमें 10 IPS और 4 IAS अधिकारी थे। CBI ने जब छानबीन की तो पता चला कि 10 IPS में से 8 अभी भी फील्ड में अहम पदों पर तैनात हैं। वहीं 2 पंजाब पुलिस की एकेडमी में हैं। इसके अलावा 4 IAS अफसरों का संबंध किसी ने किसी तरह से मंडी गोबिंदगढ़ से है। इसके बाद CBI ने प्रॉपर्टी डीलर के पटियाला और लुधियाना के ठिकानों पर रेड कर डॉक्यूमेंट्स जब्त किए थे।


