कांग्रेस सांसद एवं नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने ‘वोट चोरी’ को लेकर दिल्ली में की प्रेस कॉन्फ्रेंस में हरियाणा के पलवल के होडल के जिस मकान नंबर 265 का जिक्र किया, वो भाजपा से जुड़े पूर्व पार्षद शिवराम का है। 300 वर्गगज में बने घर में कुल 5 कमरे हैं और परिवार के 7 जन ही रहते हैं। इनमें से 6 वोटर और एक बच्चा है। ये मकान नंबर ढूंढते हुए पहुंची तो मकान मालिक शिवराम बोले- मैं खुद हैरान हूं। हमारे पते पर 501 वोट कैसे बन गए।
राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिक्र आया तो हमें पता चला। हमारे पूरे कुनबे के वोटरों को भी जोड़ लें तो कुल संख्या करीब 80 ही बनती है। शिवराम ने बताया कि वे 1990 से इस घर में रह रहे हैं। उनकी पत्नी, दो बेटे, उनकी पत्नी और एक बच्चा है। ये घर होडल नगर परिषद के वार्ड नंबर 21 में आता है। इस वार्ड से वे खुद साल 2016 से 2021 तक भाजपा समर्थित पार्षद रहे हैं।
वो खुल कर मानते हैं कि परिवार भाजपा की विचारधारा से जुड़ा है। पहले उनके मकान का नंबर 265 था, जिसे बाद में 265-A कर दिया गया। हालांकि वोटर लिस्ट में आज भी मकान नंबर 265 ही लिखा है । इस वार्ड में कुल 2363 वोट हैं, जिनमें से 501 तो इसी पते पर बने हैं। नगर परिषद में इस वार्ड में भाजपा समर्थित पार्षद हैं। विधानसभा चुनाव में भी इस वार्ड से भाजपा को बढ़त मिली थी।


