जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में मंगलवार सुबह सुरक्षाबलों ने 2 आतंकियों को मार गिराया। 13 अक्टूबर की शाम 7 बजे से भारत-पाकिस्तान बॉर्डर (LOC) के पास कुंबकडी के जंगल में यह ऑपरेशन जारी है। आतंकियों ने यहां से घुसपैठ की कोशिश की थी, जिसे सुरक्षाबलों ने नाकाम किया है।
इससे पहले 8 सितंबर को सेना ने कश्मीर के कुलगाम में मुठभेड़ के दौरान 2 आतंकियों को मार गिराया था। गुड्डर के जंगलों में आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ हुई थी। सेना ने इसे ‘ऑपरेशन गुड्डर’ नाम दिया था। इस दौरान घायल हुए दो जवान भी शहीद हुए थे।
ऑपरेशन गुड्डर में मारे गए एक आतंकी की पहचान शोपियां के रहने वाले आमिर अहमद डार के तौर पर हुई थी। वह लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा था और सितंबर 2023 से एक्टिव था। पहलगाम हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियों की तरफ से जारी 14 आतंकवादियों की लिस्ट में यह भी शामिल था।
8 सितंबर: आरएस पुरा बॉर्डर के पास घुसपैठिया गिरफ्तार
जम्मू के आरएस पुरा सेक्टर में इंटरनेशनल बॉर्डर से एक पाकिस्तानी घुसपैठिए को गिरफ्तार किया गया था। पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के सरगोधा का रहने वाला सिराज खान नाम के घुसपैठिए को ऑक्ट्रोई चौकी पर तैनात BSF जवानों ने देखा था। कुछ राउंड फायरिंग के बाद उसे बॉर्डर फेंसिंग के पास गिरफ्तार कर लिया गया था। उसके पास से कुछ पाकिस्तानी करेंसी भी मिली थी।13 अगस्त : 13 अगस्त को जम्मू-कश्मीर के बारामूला में हुई गोलीबारी में भारतीय सेना का एक जवान शहीद हो गया है। LoC पर गोलीबारी की यह घटना उरी सेक्टर में लाइन ऑफ कंट्रोल पर स्थित चुरुंडा गांव के पास हुई थी।
8 मई : LoC पर पाकिस्तानी सेना की गोलाबारी में जवान लांस नायक दिनेश कुमार शहीद हो गए थे। यह गोलाबारी जम्मू-कश्मीर के पुंछ, तंगधार और अन्य सीमावर्ती क्षेत्रों में हुई। शहीद दिनेश कुमार 5 फील्ड रेजिमेंट से थे।
12 अप्रैल : अखनूर में 12 अप्रैल को आतंकवादियों से मुठभेड़ में 9 पंजाब रेजिमेंट के JCO कुलदीप चंद शहीद हो गए थे। अखनूर के केरी बट्टल इलाके में एक रात पहले एनकाउंटर शुरू हुआ था।


