पंजाब के तरनतारन उपचुनाव में आम आदमी पार्टी (AAP) के लिए फिर बड़ी परीक्षा होने जा रही है। यह सीट अकाली दल का गढ़ मानी जाती रही है। मुकाबला इस बार इसलिए भी खास है क्योंकि यह वही सीट है, जहां से खालिस्तान समर्थक सांसद अमृतपाल सिंह को लोकसभा चुनाव 2024 में अच्छी लीड मिली थी। उस वक्त यहां AAP तीसरे नंबर पर रही थी, इसलिए अब पार्टी अपनी साख बचाने के लिए पूरा दम लगा रही है।
यह सीट AAP विधायक डॉ. कश्मीर सिंह सोहल के निधन के बाद खाली हुई थी। 11 नवंबर को वोटिंग और 14 नवंबर को मतगणना होगी। सभी प्रमुख चार पार्टियां अपने उम्मीदवार मैदान में उतार चुकी हैं। इनमें AAP से हरमीत सिंह संधू, कांग्रेस से करणबीर सिंह बुर्ज, अकाली दल से सुखविंदर कौर रंधावा और भाजपा से हरजीत सिंह संधू चुनाव लड़ रहे हैं।
इसके अलावा अमृतपाल सिंह की पार्टी अकाली दल वारिस पंजाब दे ने सुधीर सूरी हत्याकांड के आरोपी संदीप सिंह उर्फ सन्नी के भाई मनदीप सिंह को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, अकाली दल (पुनर-सुरजीत), जिसके प्रधान पूर्व जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह हैं, भी अपना उम्मीदवार उतारने की तैयारी में है।


