पश्चिम बंगाल में सोमवार को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी सरकार का पहला मंत्रिमंडल विस्तार हुआ। राजभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल आर.एन. रवि ने 35 नए मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
नए मंत्रिमंडल में 13 नेताओं को कैबिनेट मंत्री, 3 को राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और 19 को राज्य मंत्री बनाया गया है। इसके साथ ही राज्य मंत्रिपरिषद में मंत्रियों की कुल संख्या बढ़कर 41 हो गई है।
संविधान के 91वें संशोधन के अनुसार, किसी राज्य में मंत्रियों की संख्या विधानसभा के कुल सदस्यों के 15 प्रतिशत से अधिक नहीं हो सकती। पश्चिम बंगाल विधानसभा में 294 विधायक हैं, इसलिए राज्य में अधिकतम 44 मंत्री बनाए जा सकते हैं। मौजूदा विस्तार के बाद भी तीन पद खाली हैं, जिन्हें फिलहाल भरे जाने की संभावना नहीं है।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने गृह और वित्त विभाग अपने पास ही रखे हैं। वहीं निशीथ प्रमाणिक को उत्तर बंगाल विकास, खेल एवं युवा कल्याण, दिलीप घोष को ग्रामीण विकास, पशु संसाधन विकास और कृषि विपणन, अग्निमित्रा पॉल को महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण तथा नगर निकाय विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा अशोक कीर्तनिया को खाद्य एवं आपूर्ति तथा सहकारिता विभाग और क्षुदीराम टुडू को जनजातीय विकास, पिछड़ा वर्ग कल्याण, अल्पसंख्यक मामले एवं मदरसा शिक्षा विभाग सौंपे गए हैं।


