नेशनल : मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव के बीच भारत सरकार ने देशवासियों के लिए कई बड़े ऐलान किए हैं। पेट्रोलियम मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने साफ किया कि देश में रसोई गैस और पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार अब घर-घर पाइप से गैस पहुँचाने के अभियान को तेज कर रही है। सुजाता शर्मा ने बताया कि नए PNG कनेक्शन लेने वालों के लिए सिक्योरिटी फीस पूरी तरह माफ कर दी गई है। इसके साथ ही, नए उपभोक्ताओं को 500 रुपये तक की मुफ्त गैस भी दी जा रही है। दिल्ली में काम को गति देने के लिए ‘रोड रेस्टोरेशन चार्ज’ हटा लिया गया है और अब पाइपलाइन बिछाने का काम दिन-रात (24×7) चल सकेगा। पिछले 25 दिनों में ही देश में 2.5 लाख नए कनेक्शन जारी किए जा चुके हैं।
LPG की कालाबाजारी पर बड़ा एक्शन
एलपीजी की आपूर्ति को लेकर उड़ रही अफवाहों के बीच सरकार ने सख्त रुख अपनाते हुए 24 मार्च को विभिन्न राज्यों में 2700 ठिकानों पर छापेमारी की। इसमें उन्होंने अवैध रूप से रखे गए 2000 सिलेंडर जब्त किए गए। मंत्रालय ने साफ किया कि घरेलू गैस की सप्लाई पर्याप्त है और लोग पैनिक बुकिंग से बचें। कल हुई कुल बुकिंग में से 92% ऑनलाइन थीं, जो व्यवस्था की पारदर्शिता को दर्शाता है।


