मोहाली–पंजाबी सिंगर गिप्पी ग्रेवाल को गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के नाम से धमकी भारी कॉल आई है। इसका ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें कॉल करने वाले ने कहा कि मेरे मैसेज को इग्नोर न कर, अन्यथा तुझे महंगा पड़ेगा। मैंने पहले भी तुझे चेताया था। लेकिन तेरी तरफ से कोई जवाब नहीं आया। तेरे मोहाली के मकान के बारे में मुझे पता है।
गिप्पी ग्रेवाल कनाडा में वैंकूवर के व्हाइट रॉक इलाके में रहते हैं। पिछले साल 25 नवंबर को इनके घर पर फायरिंग भी हो चुकी है। इसकी जिम्मेदारी लॉरेंस गैंग ने ली थी। लॉरेंस ने पोस्ट लिखकर न सिर्फ जिम्मेदारी ली, बल्कि जान से मारने की धमकी भी दी थी।
लॉरेंस ने लिखा था, ‘हां जी सत श्री अकाल, राम राम सबनू। वैंकूवर व्हाइट रॉक एरिया में गिप्पी ग्रेवाल के बंगले पर फायरिंग लॉरेंस गैंग ने करवाई है। सलमान खान को बहुत भाई-भाई करता है तू, बोल अब बताए तुझे तेरा भाई। सलमान को भी वहम है कि दाउद उसकी मदद करेगा। कोई नहीं बचा सकता तुम्हें हमसे।’
गिप्पी ग्रेवाल को सबसे पहले 2018 में जान से मारने की धमकी मिली थी। यह धमकी गैंगस्टर दिलप्रीत सिंह दहान उर्फ दिलप्रीत बाबा और उनके साथी सुखप्रीत सिंह उर्फ बुड्ढा ने दी थी। 31 मई 2018 को फोन पर रंगदारी के लिए धमकी आई, जिसमें कहा गया कि पैसे न दिए तो अमर सिंह चमकीला जैसी मौत होगी।
गिप्पी ने मोहाली पुलिस को शिकायत दी। इस पर FIR दर्ज की गई। दिसंबर 2024 में मोहाली कोर्ट ने दोनों गैंगस्टर्स को सबूतों के अभाव में बरी कर दिया।


