Tuesday, May 12, 2026
Tuesday, May 12, 2026

शहीदों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा, दोषियों को मिलेगी सख्त सजा: लालचंद कटारूचक

Date:

 

पंजाब सरकार की ओर से की एक करोड़ की सम्मान राशि और परिवार के सदस्य को सरकारी नौकरी देने की घोषणा

 

कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई, विपक्ष पुलिस का मनोबल गिराने की राजनीति बंद करे: लालजीत सिंह भुल्लर

शहीदों पर राजनीति करने वाले विपक्षी नेता पुलिस की सफलता पर चुप्पी क्यों साध लेते हैं? पंजाब की शांति भंग करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा: शैरी कलसी

चंडीगढ़ 28 फरवरी 2026

आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के नेता व कैबिनेट मंत्री लालचंद कटारूचक्क और लालजीत सिंह भुल्लर ने शनिवार को शहीद एएसआई गुरनाम सिंह के पैतृक गांव गदरियां (दीनानगर) पहुंचकर उनके परिवार से मुलाकात कर दुख व्यक्त किया। इस दौरान उनके साथ पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष व बटाला विधायक अमनशेर सिंह शैरी कलसी और डेरा बाबा नानक के विधायक गुरदीप सिंह रंधावा भी उपस्थित रहे।

नेताओं ने शहीद के परिवार को ढांढस बंधाया और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की ओर से आश्वासन दिया कि पंजाब सरकार इस कठिन घड़ी में पूरी तरह परिवार के साथ खड़ी है।

मीडिया से बात करते हुए मंत्री कटारूचक्क ने कहा कि आधिया चौकी पर ड्यूटी के दौरान हमारे जांबाज सिपाही गुरनाम सिंह और अशोक कुमार की हत्या एक बुजदिलाना कृत्य है। उन्होंने कहा कि यह केवल पुलिस पर हमला नहीं है, बल्कि पंजाब की मिट्टी और यहां के लोगों के सुकून पर हमला है। शहीदों के बलिदान को व्यर्थ नहीं जाने दिया जाएगा और दोषियों को कानून के तहत सख्त सजा दी जाएगी।

सीमा पार से हो रही साजिशों पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की बदनाम खुफिया एजेंसी आईएसआई लगातार पंजाब के रास्ते भारत को निशाना बनाने की कोशिश करती है। पठानकोट एयरबेस और दीनानगर थाने पर हुए हमले इसी का हिस्सा थे। उन्होंने चेतावनी दी कि पाकिस्तान की नफरत भरी भावनाओं को पंजाब की धरती पर कभी सफल नहीं होने दिया जाएगा।

मंत्री ने पंजाब के युवाओं से अपील की कि वे दुश्मन देशों द्वारा फैलाए गए जाल और प्रलोभन में न फंसें। उन्होंने कहा कि पंजाब गुरुओं और शहीदों की धरती है, यहां की एकता और भाईचारे को किसी भी कीमत पर टूटने नहीं दिया जाएगा।

उन्होंने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान भी जल्द ही शहीदों के परिवारों से मुलाकात करेंगे। सरकार गैंगस्टरवाद और नशे के खिलाफ अपनी ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति पर कायम है और पंजाब की अमन-शांति भंग करने की इजाजत किसी को नहीं दी जाएगी।

मंत्री लालजीत भुल्लर ने पंजाब पुलिस की मुस्तैदी की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस ने केवल 24 घंटों के भीतर सभी दोषियों को ट्रेस कर गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि जो भी व्यक्ति कानून-व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करेगा या गैर-कानूनी गतिविधि में शामिल होगा, उसके खिलाफ कानून के तहत सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशानुसार दोनों शहीद पुलिस जवानों के परिवारों को 1-1 करोड़ रुपये की सम्मान राशि प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही, परिवार के योग्य सदस्य को सरकारी नौकरी में समायोजित किया जाएगा। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि शहीदों की कमी को किसी भी कीमत पर पूरा नहीं किया जा सकता, लेकिन सरकार उनके परिवारों की हर संभव मदद के लिए 24 घंटे खड़ी है।

अकाली दल, कांग्रेस और भाजपा पर निशाना साधते हुए भुल्लर ने कहा कि ये दल केवल राजनीति कर रहे हैं क्योंकि वे सरकार की सफलता से डरे हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बॉर्डर स्टेट होने के कारण ये दल पंजाब की शांति बिगाड़ने की कोशिशों में कहीं न कहीं शामिल हैं और पुलिस का मनोबल गिराने का काम कर रहे हैं।

विधायक शैरी कलसी ने कहा कि विरोधी देश की एजेंसियां पंजाब का माहौल खराब करना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग पंजाब की शांति भंग करने की कोशिश करेंगे, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। सरकार नशे और गैंगस्टरवाद को जड़ से खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान इस दिशा में दिन-रात मेहनत कर रहे हैं।

विपक्ष पर हमला करते हुए शैरी कलसी ने कहा कि जब कोई वारदात होती है, तो विपक्षी दल सोशल मीडिया पर तुरंत ‘लाइव’ होकर राजनीति शुरू कर देते हैं। लेकिन जब पंजाब पुलिस 24 घंटे के भीतर दोषियों को पकड़ लेती है, तब यही नेता पुलिस की सराहना में एक शब्द भी नहीं बोलते। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या ये नेता पंजाब के हितैषी हैं या आईएसआई और गैंगस्टरों की विचारधारा का समर्थन कर रहे हैं?

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related