संगरूर/चंडीगढ़—-पंजाब में गठबंधन की चर्चा के बीच अकाली दल के प्रधान सुखबीर बादल ने BJP को बड़ा झटका दिया है। सुखबीर बादल ने संगरूर के धूरी पहुंचकर पूर्व MLA अरविंद खन्ना को पार्टी में शामिल कर लिया है।
खन्ना पंजाब में भाजपा के उपप्रधान थे। अरविंद खन्ना को पूर्व CM कैप्टन अमरिंदर के करीबी रह चुके हैं। अरविंद खन्ना क्षेत्र में बड़े उद्योगपति के तौर पर जाने जाते हैं। उन्होंने कई वर्ष तक उम्मीद फाउंडेशन के माध्यम से संगरूर हलके के लोगों की सेवा कर नाम बनाया था।
वह पहली बार 2002 में कांग्रेस के टिकट पर संगरूर विधानसभा से चुनाव जीतकर विधायक बने थे। 2004 के लोकसभा चुनाव में वह पार्टी के उम्मीदवार थे। वह सुखदेव सिंह ढींडसा से हार गए थे। इसके बाद 2012 में उन्होंने धूरी विधानसभा हलके से चुनाव लड़ा था।
एकतरफा जीत ने उनको बड़े लीडर में रूप में साबित कर दिया था। हालांकि, उस समय कांग्रेस की सरकार बनी नहीं तो उन्होंने 2 साल बाद ही विधानसभा से इस्तीफा देकर राजनीति से किनारा कर लिया था। उसी समय वह यहां अपना सारा कारोबार और संस्था को बंदकर शहर छोड़ गए थे।


