बरनाला—-बरनाला के 33 वर्षीय मनप्रीत सिंह मनी की फिलीपींस की राजधानी मनीला में गोली मारकर हत्या कर दी गई। मोटरसाइकिल पर आए तीन हमलावरों ने उन पर छह गोलियां चलाईं। हमलावरों में दो पंजाबी शामिल बताए जा रहे हैं।
यह घटना उस समय हुई जब मनप्रीत सिंह अपने काम पर जा रहे थे। हमलावरों ने सुनसान जगह पर उन्हें अकेला पाकर गोली मार दी। मनीला पुलिस ने इस मामले में तीन हमलावरों में से एक को गिरफ्तार कर लिया है।
तीन साल पहले हुई थी युवक की शादी
मनप्रीत सिंह मनी बरनाला के संधू पत्ती निवासी हरदेव सिंह के बेटे थे। उनकी शादी तीन साल पहले हुई थी। उनके परिवार में मां परमजीत कौर, पिता हरदेव सिंह, दादी जोगिंदर कौर और पत्नी वीरपाल कौर शामिल हैं।परिजनों ने रोते हुए बताया कि मनप्रीत सिंह 2017 में बेहतर भविष्य की तलाश में मनीला गए थे।
वह पिछली दिवाली पर पंजाब में एक पारिवारिक शादी समारोह में शामिल होने आए थे और 9 अक्टूबर को मनीला लौट गए थे। पिछले दिनों उन्हें मोबाइल फोन से सूचना मिली कि उनके बेटे की विदेश में गोली मारकर हत्या कर दी गई है। हत्या का मकसद अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। मिली जानकारी के अनुसार, हमलावरों में से दो जालंधर जिले के पंजाबी बताए जा रहे हैं, जिनमें दो भाई भी शामिल हैं।


