मोहाली/चंडीगढ़-पंजाब और चंडीगढ़ में आज (23 जनवरी) कई जगहों पर तेज बारिश हो रही है। चंडीगढ़ में बारिश के बीच मनीमाजरा में एक मकान की छत गिर गई। जिससे घर में मौजूद 3 बच्चे दब गए। तीनों को तुरंत मलबे से निकालकर अस्पताल ले जाया गया। जहां 2 बच्चों की हालत स्थिर बनी हुई है जबकि एक की हालत सीरियस है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि मकान काफी पुराना था। बारिश की वजह से उसकी हालत और कमजोर हो गई और छत गिर गई। चंडीगढ़ में सेक्टर 32 स्थित सरकारी अस्पताल की छत की फॉल सीलिंग अचानक गिर गई। यह 6 महीने पहले ही बनाई गई थी। हालांकि किसी तरह के जानी नुकसान से बचाव रहा।
चंडीगढ़ के सेक्टर 32 में चलती स्कूटी पर पेड़ गिर गया। जिससे स्कूटी पूरी तरह से दब गई और युवक भी जख्मी हो गया। पार्षद प्रेमलता ने बताया कि युवक ने हेलमेट पहना हुआ था, इस वजह से उसकी जान बच गई। पार्षद ने कहा कि उन्होंने निगम अफसरों को इसकी टहनी हटाने को कहा था लेकिन नियमों की दुहाई देकर उन्होंने कार्रवाई नहीं की।
इसके अलावा चंडीगढ़ में बारिश के बीच तेज हवाओं से कई जगह पेड़ों की टहनियां गिर गईं। चंडीगढ़ की सड़कों पर भी जबरदस्त जलभराव हुआ। वहीं मौसम बदलने की वजह से इंडिगो की फ्लाइट्स प्रभावित हुई हैं। कंपनी ने बताया कि जम्मू, श्रीनगर, लेह, धर्मशाला और चंडीगढ़ में खराब मौसम के चलते फ्लाइटों का शेड्यूल प्रभावित हुआ है। हम मौसम पर लगातार नजर रखे हुए हैं।


