मुंबई के जुहू इलाके में मुक्तेश्वर रोड के पास सोमवार रात करीब 8.30 बजे एक बड़ा सड़क हादसा हुआ, जिसमें अक्षय कुमार की सिक्योरिटी वाली गाड़ी ने ऑटो रिक्शा को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो चालक और उसमें सवार एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को तुरंत पास के अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया।
घायल ऑटो-रिक्शा ड्राइवर के भाई मोहम्मद समीर ने बताया कि रात करीब 8:30 बजे उनका भाई ऑटो चला रहा था। उसके पीछे अक्षय कुमार की इनोवा कार और एक मर्सिडीज चल रही थीं। तभी मर्सिडीज ने इनोवा को टक्कर मार दी और इनोवा आगे जाकर ऑटो से टकरा गई।
इसके बाद ऑटो पलट गया, जिससे उनके भाई और ऑटो में बैठे एक यात्री ऑटो के नीचे फंस गए। ऑटो पूरी तरह टूट गया और उनके भाई की हालत बहुत गंभीर है।
समीर ने कहा कि उनकी बस यही मांग है कि उनके भाई का सही इलाज हो और ऑटो को जो नुकसान हुआ है, उसका मुआवजा दिया जाए। उन्हें इसके अलावा कुछ और नहीं चाहिए।


