पंजाब के पटियाला में सुसाइड की कोशिश करने वाले पूर्व इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (IG) अमर सिंह चहल अस्पताल में भर्ती हैं। डॉक्टरों ने सर्जरी कर दी है। पूर्व ADGP गुरिंदर सिंह ढिल्लों के मुताबिक चहल खतरे से बाहर हैं, हालांकि पूरी तरह रिकवर होने में अभी समय लगेगा।
उन्होंने सोमवार को घर में सुरक्षाकर्मी के रिवॉल्वर से पेट में गोली मार ली थी। पूर्व IPS अधिकारी चहल ने गोली मारने से पहले 12 पेज का सुसाइड नोट लिखा जिस पर इमरजेंसी, अर्जेंट और लास्ट अपील लिखा हुआ था। नोट में उन्होंने 8 करोड़ रुपए के ऑनलाइन फ्रॉड का जिक्र करते हुए परिवार की सुरक्षा और मामले की SIT या CBI से जांच कराने की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक घटना के वक्त उनका बेटा घर पर ही मौजूद था। अमर सिंह चहल IG पद से रिटायर होने के बाद पटियाला में रह रहे थे।
चहल एयरफोर्स में अफसर रह चुके हैं। वह 1990 में एयरफोर्स से रिटायर्ड होने के बाद डायरेक्ट DSP भर्ती हुए थे।


