मोहाली: मोहाली के सोहाना में सोमवार को चल रहे चार दिवसीय कबड्डी टूर्नामेंट के अंतिम दिन गोलियां मारकर कबड्डी खिलाड़ी राणा बलाचौरिया की हत्या कर दी गई। राणा बलाचौरिया की महज 10 दिन पहले ही शादी हुई थी। वह मूल रूप से बलाचौर का रहने वाला था और वर्तमान में मोहाली में रह रहा था।
राणा बलाचौरिया के घर में जहां कल दोपहर तक शादी की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहीं उसकी मौत ने पूरे घर में मातम पसरा दिया। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पत्नी की हालत देखी नहीं जा रही। राणा की ताई ने कहा कि उन्होंने कभी सोचा भी नहीं था कि उनका बच्चा इस तरह दुनिया से चला जाएगा। यह समझ नहीं आ रहा कि हमारे बच्चे के साथ किसने धोखा किया।
भावुक होते हुए उन्होंने कहा, “अभी हमारी बेटी के हाथों की मेहंदी भी नहीं उतरी थी कि हमें यह खबर सुननी पड़ी।” उन्होंने कहा कि न हम मरने वालों में हैं और न ही जीने वालों में। राणा बलाचौरिया के चाचा संजीव कंवर ने बताया कि राणा की बहन को आज इटली जाना था, लेकिन जैसे ही उसे बीते दिन अपने भाई की गोली मारकर हत्या किए जाने की जानकारी मिली, वह गहरे सदमे में चली गई।


