नई दिल्ली/बेंगलुरु/मुंबई/हैदराबाद—सरकार ने देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो को रोस्टर (ड्यूटी चार्ट) नियमों से राहत दे दी है। एयरलाइन शुक्रवार को लगातार चौथे दिन क्रू मेंबर्स (पायलट सहित अन्य फ्लाइट स्टाफ) की कमी से जूझती दिखी। इसके कारण शुक्रवार को दिल्ली, बेंगलुरु, पुणे, हैदराबाद सहित कई एयरपोर्ट पर 500 से ज्यादा फ्लाइट्स कैंसिल हो गई हैं।
एयरपोर्ट पर हालात बदतर हैं। यात्रियों को फ्लाइट्स की जानकारी नहीं मिल रही है। पानी, खाना और जरूरी सामानों के लिए लोग स्टाफ से झगड़ते देखे गए। कई जगह मारपीट के हालात बन गए। कई एयरपोर्ट्स पर लोग 24-24 घंटे से फ्लाइट का इंतजार कर रहे हैं। सीढ़ियों और कुर्सियों पर बैठकर रात गुजारने को मजबूर हैं।
दिल्ली एयरपोर्ट पर इंडिगो की सभी घरेलू फ्लाइट्स आज रात 12 बजे तक रद्द कर दी हैं। गोवा एयरपोर्ट पर एक महिला यात्री ने बताया, ‘हम सुबह 5 बजे से इंतजार कर रहे हैं। एयरपोर्ट आने पर पता चला कि फ्लाइट कैंसिल हो गई है। न कोई मेल आया, न ही मैसेज।’


