नेशनल : रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भारत के दो दिवसीय दौरे पर हैं, जो कि 2022 में रूस-यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद उनकी पहली भारत यात्रा है। आज पीएम मोदी और राष्ट्रपति मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में पुतिन का भव्य स्वागत किया। इसके बाद पुतिन राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करने गए। इस समय नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में पीएम मोदी और राष्ट्रपति पुतिन के बीच 23वें भारत-रूस शिखर सम्मेलन के तहत द्विपक्षीय वार्ता जारी है।
नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में चल रही 23वीं भारत-रूस शिखर वार्ता के दौरान पीएम मोदी ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ अपने निजी और द्विपक्षीय संबंधों की गहराई को याद किया। भारत-रूस संबंधों पर बात करते हुए पीएम मोदी ने भावुक होते हुए कहा, “2001 में आपके पदभार संभालने और पहली बार भारत आने के बाद अब 25 वर्ष हो चुके हैं।” पीएम ने उस पहली यात्रा के महत्व को बताते हुए कहा कि उसी समय दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी की एक मजबूत नींव रखी गई थी।
पीएम मोदी ने राष्ट्रपति पुतिन के दूरदर्शी नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा, “मेरे लिए खुशी की बात है कि आपके साथ मेरे संबंधों को भी 25 साल हो गए। मेरा मानना है कि आपने 2001 में जो भूमिका निभाई थी, वह इस बात का शानदार उदाहरण है कि एक दूरदर्शी नेता जहां से शुरू करता है, वह रिश्तों को कितनी ऊंचाइयों तक ले जा सकता है।”


