उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों पर वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव है, इसके कारण फिलहाल उत्तरी हवाएं कमजोर हैं। लेकिन 2-3 दिसंबर के बाद, जब यह सिस्टम आगे बढ़ जाएगा तब फिर से बर्फीली हवाएं चलने लगेंगी। इसके असर से राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में सर्दी तेज होगी। इस दाैरान कई शहरों में शीतलहर चलेगी।
इधर राजस्थान में सर्दी फिर से बढ़ने लगी है। रविवार को प्रदेश के कई शहरों में रात का न्यूनतम तापमान 1 से 3 डिग्री तक गिर गया। मौसम विभाग ने झुंझुनूं-सीकर जिलों में 3-4 दिसंबर को शीतलहर चलने का यलो अलर्ट जारी किया गया है।
उधर मध्य प्रदेश में अबकी बार नवंबर में रिकॉर्डतोड़ सर्दी पड़ी। भोपाल में पारा 5.2 डिग्री पहुंच गया, जो 84 साल में सबसे कम रहा। 16 दिन शीतलहर चली, जबकि 18 दिन न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे रहा। वहीं इंदौर में 25 साल में सबसे ज्यादा सर्दी रही। अब दिसंबर भी ऐसा ही रह सकता है। कई शहरों में रात का पारा 5 डिग्री के नीचे पहुंच सकता है और कोल्डवेव का अलर्ट है।
हिमाचल का रोहतांग पास बर्फ की चादर ओढ़ चुका है, हालांकि 4-5 दिसंबर को फिर बारिश-बर्फबारी का अलर्ट है। वहीं, मनाली समेत राज्य के 15 शहरों का तापमान 5° से डिग्री से नीचे दर्ज किया गया है।


