गुरुग्राम—गुरुग्राम में ट्रैफिक पुलिस के जोनल ऑफिसर से 50 हजार रुपए की डिमांड करने वाले दो फर्जी विजिलेंस अधिकारियों को पुलिस ने पकड़ लिया है। आरोपियों ने दिल्ली NCR में आधा दर्जन से ज्यादा वारदातों को अंजाम देने का भी खुलासा किया है।
आरोपियों की पहचान दीपक (45) निवासी गांव रानीला, जिला चरखी-दादरी, वर्तमान में सेक्टर-10 में किराएदार तथा नितिन कुमार (50) निवासी एक्सटेंशन-II नांगलोई, दिल्ली वर्तमान में काठमांडू (नेपाल) में रहने वाले के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में पता चला कि आरोपी नितिन नेपाल में रहता है। करीब 2 साल पहले आरोपी दीपक नेपाल गया था, जहां आपस में इनकी मुलाकात हुई थी। आरोपी दीपक प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता है और नितिन किसी वारदात को अंजाम देने के लिए कभी-कभी भारत आता है।
पुलिसकर्मियों को करते हैं टारगेट
दीपक की गाड़ी में सवार होकर ये दोनों मिलकर किसी पुलिसकर्मी को टारगेट करते हैं और उसे अपना परिचय विजिलेंस अधिकारी के रूप में कराते हुए उनके खिलाफ शिकायत होने की बात कहकर उन्हें डराते हैं, फिर उन्हें धमकी देकर उनसे रुपयों की मांग करते हैं।


