पंजाब की खडूर साहिब लोकसभा सीट से सांसद अमृतपाल सिंह ने संसद के शीतकालीन सत्र में शामिल होने के लिए अस्थायी पैरोल की मांग की है। वह इस समय राष्ट्रीय सुरक्षा कानून NSA की वजह से असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद है। उसकी तरफ से इसके पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका लगाई गई थी और अब इस पर जल्दी सुनवाई की मांग की गई है। जिसके बाद इस पर आज से सुनवाई शुरू होने जा रही है।
यह अपील चीफ जस्टिस शील नागू की अध्यक्षता वाली डिवीजन बेंच के समक्ष जल्द सुनवाई का आग्रह किया गया था। सांसद अमृतपाल सिंह ने (1 से 19 दिसंबर) में शामिल होने के लिए अस्थायी रिहाई की मांग की है। उनके वकील की तरफ से एनएसए की धारा 15 का हवाला दिया गया है।
इसके तहत असाधारण परिस्थितियों में पैरोल दी जा सकती है। हालांकि इससे पहले हुई सुनवाई के दौरान चीफ जस्टिस ने कहा कि जब तक डिटेंशन पर रोक नहीं लगती, वह संसद सत्र में कैसे शामिल होंगे। वकील ने जवाब दिया कि दोनों मामले अलग हैं और संसद में शामिल होने के लिए धारा 15 के तहत राहत मांगी जा रही है।
वकील ईमान सिंह खारा के माध्यम से दाखिल याचिका में कहा गया है कि अप्रैल 2023 से प्रिवेंटिव डिटेंशन में रहने के बावजूद अमृतपाल सिंह ने 2024 के लोकसभा चुनाव में खडूर साहिब सीट से लगभग 4 लाख वोटों के साथ जीत दर्ज की और अब भी करीब 19 लाख मतदाताओं का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार को निर्देश जारी करने की मांग की है कि उन्हें पैरोल पर रिहा किया जाए या कम से कम संसद सत्र के दौरान उनकी व्यक्तिगत उपस्थिति सुनिश्चित की जाए।


