जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने शनिवार को श्रीनगर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि ऑपरेशन सिंदूर से कुछ नहीं निकला। उम्मीद है कि अब यह नहीं होगा। फारूक ने कहा- इसमें हमारे 18 लोग मारे गए। हमारी सीमाओं से समझौता किया गया।
फारूक अब्दुल्ला ने दिल्ली धमाके पर कहा- हर कश्मीरी पर उंगलियां उठाई जा रही हैं। वो दिन कब आएगा जब वे मानेंगे कि हम हिंदुस्तानी हैं। हम इसके जिम्मेदार नहीं है। जो जिम्मेदार हैं, उनसे पूछिए कि इन डॉक्टरों को ये रास्ता क्यों अपनाना पड़ा? क्या वजह थी? इसकी गहन जांच और अध्ययन की जरूरत है।
पूर्व CM ने श्रीनगर के नौगाम पुलिस स्टेशन में धमाके की घटना पर कहा- यह हमारी गलती है, जो लोग इस विस्फोटक को बेहतर समझते हैं, उन्हें हैंडल करना जानते हैं, हमें पहले उनसे बात करनी चाहिए थी। बजाय इसके कि खुद उन चीजों में दखल करें, जिसके बारे में पता नहीं है। आपने नतीजा देखा, 9 लोगों की जान चली गई। वहां घरों को कितना नुकसान हुआ।


