उत्तर प्रदेश—-दिल्ली कार ब्लास्ट में यूपी से मरने वालों की संख्या 5 पहुंच गई है। 3 लोग घायल हैं। 2 शवों की अभी शिनाख्त नहीं हुई है। अमरोहा के रहने वाले अशोक सिंह और लोकेश अग्रवाल की ब्लास्ट में जान गई है। दोनों दोस्त थे। अशोक दिल्ली परिवहन निगम में नौकरी करते थे, जबकि लोकेश खाद कारोबारी थे।
इसके अलावा, मेरठ के मोहसिन (32) श्रावस्ती के दिनेश कुमार (32) और शामली के नौमान (22) की विस्फोट में मौत हो गई। दिनेश-मोहसिन दिल्ली में मजदूरी करते थे। नौमान दुकान का सामान खरीदने दिल्ली गया था। वहीं, लोकेश अपनी समधन को देखने दिल्ली आए थे। शाम के वक्त दोनों ने मिलने का प्लान बनाया। लोकेश मेट्रो से लाल किले के पास पहुंचे।
अशोक उन्हें रिसीव करने के लिए आए थे। दोनों जैसे ही कार में बैठे, तभी विस्फोट हो गया। दोनों के शव बुरी तरह झुलस गए। आज सुबह दोनों के शव घर लाए गए। जैसे ही एंबुलेंस पहुंची, परिजनों में चीख-पुकार मच गई। महिलाएं रो-रोकर बेसुध हो गईं।
अशोक सिंह के परिजन सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन करने लगे। उन्होंने मांग की कि परिवार को मुआवजा दिया जाए और पत्नी को सरकारी नौकरी दी जाए। प्रदर्शन की सूचना पर एसडीएम पुष्कर नाथ चौधरी मौके पर पहुंचे। इस दौरान परिजनों की उनसे तीखी बहस हो गई। काफी समझाने के बाद परिवार वाले मान गए और शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए।
इसके अलावा, देवरिया के रहने वाले शिवा जायसवाल, आगरा के पप्पू और गाजियाबाद के मोहम्मद दाऊद ब्लास्ट में घायल हुए हैं। तीनों का इलाज दिल्ली के LNJP अस्पताल में चल रहा है। इधर, दिल्ली ब्लास्ट के बाद यूपी में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। सीएम योगी ने अफसरों से कहा है कि फील्ड में उतरें। कोई संदिग्ध बचने न पाए।


