नेशनल : भारत के उभरते सितारों में गिने जाने वाले पूर्व ऑलराउंडर राजेश बानिक अब इस दुनिया में नहीं रहे। पश्चिम त्रिपुरा के आनंदनगर में हुए सड़क हादसे में उनकी मौत हो गई। 40 वर्षीय बानिक, जिन्होंने भारत की अंडर-19 टीम के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेला था, अपनी प्रतिभा और सादगी के लिए पहचाने जाते थे। उनके निधन की खबर से भारतीय क्रिकेट जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
कैसे हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, राजेश बानिक अपने गृहनगर आनंदनगर में सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए। हादसे के बाद उन्हें गंभीर हालत में अगरतला के GBP हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। बानिक ने घरेलू क्रिकेट में त्रिपुरा की ओर से कई यादगार पारियां खेलीं।
एक प्रतिभाशाली क्रिकेटर की अधूरी कहानी
राजेश बानिक का क्रिकेट सफर बेहद प्रेरणादायक रहा। उन्होंने 2002-03 के रणजी सीजन में त्रिपुरा के लिए डेब्यू किया था। अपने करियर के दौरान उन्होंने 42 प्रथम श्रेणी मुकाबले खेले, जिसमें उन्होंने 1469 रन बनाए और 6 अर्धशतक जमाए। अंडर-19 वर्ल्ड कप में उन्होंने इरफान पठान और अंबाती रायडू जैसे नामी खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम शेयर किया — वो दौर जब भारत का भविष्य क्रिकेटर बनना उनके जैसे युवाओं का सपना था।


