चंडीगढ़, 11 सितंबर 2025 (स्टेट ब्यूरो)- हाल ही में हुई भारी बारिश और बाढ़ ने राज्य के कई हिस्सों में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। घरों में पानी घुस जाने से लोग बेघर हो गए, कई परिवारों को रोज़मर्रा की ज़रूरी चीज़ों की कमी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे समय में होमलैंड ग्रुप ने सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए पीड़ित परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचाई।
ग्रुप की ओर से प्रभावित इलाकों में जाकर खाने-पीने का सामान, कपड़े, पीने का पानी, दवाइयाँ और ज़रूरी घरेलू सामग्री बांटी गई। बाढ़ से परेशान लोगों ने इस पहल को राहत की सांस बताया और कहा कि मुश्किल घड़ी में यह मदद उनके लिए बड़ी सहारा बनी है।
होमलैंड ग्रुप के सीईओ उमंग जिंदल ने कहा “कठिन समय में ज़रूरतमंदों के साथ खड़ा होना हमारी जिम्मेदारी है। बाढ़ ने कई परिवारों की ज़िंदगी पर गहरा असर डाला है। हमारी कोशिश है कि हम उनके दर्द को थोड़ा कम कर सकें। समाज तभी आगे बढ़ सकता है जब हम एक-दूसरे का हाथ थामें।”
ग्रुप का कहना है कि आगे भी जरूरत पड़ने पर मदद का सिलसिला जारी रहेगा। कंपनी ने स्थानीय प्रशासन और सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर राहत कार्य को और बड़े स्तर पर चलाने की योजना भी बनाई है।


