पूरे देश में सोमवार से शारदेय नवरात्र की शुरुआत हो गई है। सुबह से ही देवी मंदिरों में पूजा-पाठ की शुरुआत हो गई है। लोगों की भीड़ मंदिरों में पहुंचने लगी है। हिमाचल प्रदेश के शक्तिपीठों के कपाट आधी रात से ही खोल दिए गए।
बिलासपुर में मां नैना देवी मंदिर के कपाट रात 2 बजे, ऊना में मां चिंतपूर्णी मंदिर के कपाट सुबह 4 बजे, कांगड़ा में मां ज्वाला, मां ब्रजेश्वरी और मां चामुंडा देवी के कपाट सुबह 5 बजे खोल दिए गए।
उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर के विध्यांचल और फिरोजाबाद के राजराजेश्वरी कैला देवी मंदिर में इतनी भीड़ है कि पैर रखने की जगह भी नहीं है। काशी में दुर्गा मंदिर में 1KM लंबी लाइन लगी है।
देशभर से दुर्गा पंडालों की तस्वीरें भी सामने आने लगी हैं। दक्षिण कोलकाता अशोक नगर संघ ने दुर्गा पूजा पंडाल को ‘बांग्ला, आमार मां आर भाषा’ थीम पर डिजाइन किया है, जिसका अर्थ है ‘बांगला मेरी मातृभाषा है’।
इस बार नवरात्रि 10 दिनों की (22 सितंबर से 1 अक्टूबर तक) रहेगी, क्योंकि चतुर्थी तिथि दो दिन तक रहेगी। दुर्गाष्टमी 31 सितंबर और महानवमी 1 अक्टूबर को रहेगी। 2 अक्टूबर को दशहरा मनेगा।


