जयपुर में ट्रक-जीप भिड़े, दुल्हन सहित 5 की मौत:दूल्हा सहित 8 लोग घायल

जयपुर—जयपुर में ट्रक और जीप (तूफान) की टक्कर में दुल्हन सहित 5 लोगों की मौत हो गई। हादसे में दूल्हे समेत 8 बाराती घायल हैं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जीप के परखच्चे उड़ गए। शव बुरी तरह से गाड़ी में फंस गए थे। काफी मशक्कत के बाद उन्हें निकाला जा सका। हादसा बुधवार सुबह करीब 6:10 बजे रायसर (जयपुर ग्रामीण) इलाके के भटकाबास गांव के पास दौसा-मनोहरपुर हाईवे (NH-148) पर हुआ।
स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों गाड़ियां आमने-सामने से भिड़ी हैं। जीप में शहडोल (MP) से लौट रही बारात के लोग सवार थे। घायलों को निम्स हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
रायसर थानाधिकारी रघुवीर ने बताया- हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया और अफरा-तफरी मच गई। बारातियों की जीप MP से मनोहरपुर की तरफ जा रही थी। घायलों के बयान लिए जा रहे हैं। इसके बाद परिवार के लोगों को सूचना दी जा रही है। कुछ गम्भीर घायलों को निम्स हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। हादसे में मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के मंडोली की रहने वाली दुल्हन भारती (18) समेत 5 बारातियों की मौत हो गई। दूल्हा झुंझुनूं जिले के उदयपुरवाटी निवासी विक्रम मीणा (25) गंभीर घायल है। ये लोग शहडोल जिले से दुल्हन लेकर झुंझुनूं जिले के उदयपुरवाटी लौट रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया।
एडिशनल एसपी नारायण लाल तिवाड़ी ने बताया- मरने वाले एक व्यक्ति की पहचान नहीं हो पाई है। बाकी 4 में से 1 महिला (दुल्हन) MP के शहडोल की रहने वाली थी। बाकी 2 युवक सीकर और 1 झुंझुनूं के रहने वाले थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *