होशियारपुर : न्यू दीपनगर के 5 साल के हरवीर जिसका एक अपहरणकर्ता ने कत्ल करके उसका शव रहीमपुर श्मशानघाट के करीब मिला था। बच्चे के शव का गत दिन सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम करके शव को उसके अभिभावकों को सौंप दिया। सिविल अस्पताल में कई संगठनों के प्रतिनिधि भारी संख्या में एकत्रित हो गए तथा उन्होंने कहा कि आरोपी को फांसी की सजा दी जाए।
सिविल अस्पताल पहुंचे नगर निगम के मेयर को भी लोगों के रोष का सामना करना पड़ा। लोगों ने सीधा सवाल किया कि शहर में बहुत से लोग बिना वैरिफिकेशन के रह रहे हैं उनमें से कई लोग क्रिमिनल है। इसके चलते इस तरह की घटनाएं हो रही हैं। इतना ही नहीं भंगी चो में भी कई झुग्गियां डालकर लोग वहां पर रह रहे हैं। कई लोगों ने तो अपने आधार कार्ड भी बना लिए हैं। उनको बिजली कनैक्शन तक मिले हुए हैं। यह कैसे संभव हुआ है। उन्होंने कहा कि अगर वोट की राजनीति छोड़ दी जाए तो कोई भी बिना वैरिफिकेशन के आकर रहने वालों के आधार कार्ड बनाने और वोट बनाने का काम नहीं करेगा।
मृतक हरवीर का फगवाड़ा के करीबी गांव भानोकी में हुआ अंतिम संस्कार
मृतक हरवीर का आज फगवाड़ा के करीबी गांव भानोकी में अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस मौके पर मृतक के पिता ने बताया कि जब उसने अपने मृतक बेटे का मुख देखा तो वह खून से भरा हुआ था। जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि उसे किस बेरहमी से मारा होगा। उसने बताया कि उसे पता चला है कि जो आरोपी पकड़ा गया है। उसने एक महिला पिंकी तथा एक अन्य व्यक्ति दीपू का नाम भी लिया है। उनको भी जल्द गिरफ्तार किया जाना चाहिए।